Sariska Tiger Reserve: अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में लगी भीषण आग, बुझाने के लिए सेना के दो हेलीकाप्टरों से पानी का हो रहा छिड़काव

 राजस्थान के अलवर जिले में फैले सरिस्का टाइगर रिजर्व (Sariska Tiger Reserve) के जंगलों में लगी आग ने भीषण रूप ले लिया है जिस पर काबू पाने के लिए मंगलवार को सेना के दो हेलीकॉप्टर की मदद ली गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आग पांच से आठ वर्ग किलोमीटर में फैल चुकी है और प्रभावित इलाके के आसपास बाघ चपेट में आ सकते हैं।



अधिकारिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों को तैनात किया गया है। तेजी से फैल रहे आग की वजह से इलाके के बाघों सहित अन्य जानवरों पर खतरा मंडरा गया है। हालात बेकाबू होते देखकर, वन विभाग और सरिस्का प्रशासन (Sariska Administration) आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने मंगलवार को एक वन अधिकारी के हवाले से बताया कि दो दिन पहले लगी आग ने सोमवार को भीषण रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए सेना के दो हेलीकॉप्टर की मदद ली गई। इस बीच प्रशासन ने वन क्षेत्र के आसपास के ग्रामीणों को गांव खाली करने को कहा है और साथ ही उन्हें वन्य जीवों के संभावित खतरे को देखते हुए सावधान रहने को कहा गया है।